आरा में उत्पाद टीम पर शराब तस्करों का पथराव, जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक की मौत...

आरा : भोजपुर में रविवार की शाम पुलिस की फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई। टीम को शराब की सूचना मिली थी। जिसके बाद उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिसमें उत्पाद विभाग के कई जवान घायल हो गए। एक को गंभीर चोट लगी है। जवाबी कार्रवाई में टीम को अपनी सुरक्षा में गोली चलानी पड़ी।
इसी दौरान एक शख्स को गोली लग गई। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने पिटाई के बाद एक जवान को बंधक बना लिया। 6 घंटे बाद उन्हें छोड़ा। विरोध में लोगों ने सड़क जाम भी कर दिया। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड-3 की है।
सूचना के बाद शाहपुर और आसपास के थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची है। मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के वार्ड-3 निवासी जगदीश यादव के बेटे सुशील यादव (45) के रूप में हुई है।
मौके पर फिलहाल जगदीशपुर एसडीपीओ, एसडीओ समेत अन्य थाना की पुलिस पहुंची है। पूरे मामले की छानबीन में अधिकारी जुट गए हैं।
सहायक आयुक्त रजनीश ने कहा कि, 'जगदीशपुर उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी के लिए गई थी। इसी दौरान टीम पर हमला किया गया। पुलिस ने अपने बचाव में फायरिंग की। गोली एक युवक को लगी, उसकी मौत हो गई। आगे की जांच चल रही है।