आरा : टोल टैक्स मांगने पर टोल प्लाजा के कर्मी से मारपीट, फायरिंग...

आरा : टोल टैक्स मांगने पर टोल प्लाजा के कर्मी से मारपीट, फायरिंग...

आरा : आरा- मोहनियां नेशनल हाईवे पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनियांव स्थित टोल प्लाजा पर रुपये के विवाद में बदमाशों द्वारा प्लाजा कर्मियों के साथ मारपीट की गयी। कर्मियों द्वारा विरोध करने पर कार सवार बदमाशों की ओर से फायरिंग भी कर दी गयी। हालांकि फायरिंग में कर्मी बाल-बाल बच गया।

फायरिंग की घटना के बाद प्लाजा पर अफरातफरी मच गयी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है। मारपीट की घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें कुछ अज्ञात युवकों द्वारा टोल प्लाजा के कर्मी से मारपीट करते और फायरिंग करते देखा जा रहा है। उधर, सूचना मिलने पर जगदीशपुर थानाध्यक्ष विलास पासवान मौके पर पहुंच गये। तब तक मारपीट और फायरिंग करने वाले भाग चुके थे। पुलिस फुटेज के जरिए मारपीट व फायरिंग करने वालों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है।

बताया जा रहा है कि रविवार की दोपहर टोल कर्मी राजेश कुमार अपना काम कर रहे थे। उस दौरान एक मारुति कार पहुंची। कर्मी द्वारा कार में बैठे लोगों से टोल के रुपये की मांग की गयी। तब गाड़ी में बैठे लोगों द्वारा उनके साथ धक्का-मुक्की की जाने लगी। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी गयी। उसी बीच अज्ञात बंदूकधारी ने प्लाजा कर्मी राजेश कुमार पर फायरिंग कर दी। हालांकि संयोग अच्छा था कि गोली कर्मी को नहीं लगी। उसके बाद टोल प्लाजा कर्मी ने पुलिस को सूचना दी।

थानाध्यक्ष के अनुसार पैसे लेनदेन को लेकर मारपीट और फायरिंग की बात सामने आ रही है। टॉल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।