आधी रात को गश्त पर निकले एसपी, पकड़े गये शराब के नशे में लहरिया कट चलाने वाले कई बाइकर्स...

आरा : नाइट पेट्रोलिंग और छापेमारी के नाम पर मटरगश्ती करने वाले अधिकारी सावधान हो जाएं। पेट्रोलिंग के नाम पर एक ही जगह गाड़ी लगा आराम करते या वाहनों से वसूली करते पकड़े जाने पर खैर नहीं है। वहीं देर रात तक सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों की भी शामत आने वाली है। पुलिस कप्तान अब देर रात सड़क पर निकल रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार की रात एसपी प्रमोद कुमार जिले का हाल जानने निकले थे।

उन्होंने शहर से लेकर हाइवे तक पर नाइट पेट्रोलिंग, पैदल गश्ती और डायल 112 का हाल जाना। देर रात एसपी कई थानों में भी पहुंच गये और छापेमारी अभियान का जायजा लिया। गंभीर कांडों में ज्यादा से ज्यादा अभियुक्तों को गिरफ्तार करने को रात्रि गश्ती को सशक्त बनाने का निर्देश दिया। वहीं रात्रि भ्रमण के दौरान एसपी द्वारा नशे में घूम रहे करीब दर्जन भर लहरिया कट बाइकर्स को गिरफ्तार भी किया गया। सभी को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। उससे जिले भर के थानों और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा रहा।

जानकारी के अनुसार एसपी रात करीब दस बजे निकले। उस दौरान नवादा, नगर, मुफस्सिल, उदवंतनगर गड़हनी और गीधा ओपी सहित थाना क्षेत्र में घूमते रहे। उस दौरान एनएच और एसएच सहित अन्य की सड़कों पर चेकिंग के साथ पैदल गस्ती को हाल जाना। डायल 112 की चेकिंग। थानों में पहुंच छापामारी की जानकारी ली।

एसपी ने बताया कि छापेमारी अभियान और नाइट पेट्रोलिंग का हाल जानने के लिए अक्सर रात में भ्रमण करते हैं। उसी क्रम में रविवार की रात इलाके में निकले थे। अधिकार थानों की स्थिति संतोषजनक रही। नाइट पेट्रोलिंग और छापेमारी अभियान को सशक्त एवं चुस्त-दुरुस्त गस्ती करने का आदेश दिया गया।