आरा : अस्पताल में घुसकर अपराधियों ने पटना के युवक को मारी गोली...

आरा : अस्पताल में घुसकर अपराधियों ने पटना के युवक को मारी गोली...

आरा : नगर थाना क्षेत्र के धनुपरा में गुरुवार की शाम अपराधियों ने प्राइवेट अस्पताल में घुस एक युवक को गोली मार दी। उसे ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारी गयी हैं। उसका इलाज बाबू बाजार स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। जख्मी युवक पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के पाली गांव निवासी सीताराम चौहान का 33 वर्षीय पुत्र रंगनाथ चौहान है। वह पत्नी का इलाज कराने ससुराल आया है। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

वारदात की सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ निजी अस्पताल पहुंच मामले की छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। वहीं, पुलिस अस्पताल प्रबंधन से वर्चस्व को लेकर पूर्व से चली आ रही लड़ाई से भी गोलीबारी की इस घटना को जोड़ कर देख रही है। पूर्व में भी एक को गोली मारी गई थी।

जख्मी रंगनाथ चौहान ने बताया कि उसका ससुराल टाउन थाना क्षेत्र के धनुपरा गांव में है। उसके पत्नी को डिलीवरी होने वाली थी। उसे लेकर वह ससुराल आया था। 28 अगस्त को धनुपरा स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में उसकी पत्नी का ऑपरेशन से लड़का पैदा हुआ था। तब से वह अस्पताल में भर्ती है। उसकी देखभाल के लिए वह भी अस्पताल में था। गुरुवार की शाम वह अस्पताल में नीचे चौकी पर बैठा हुआ था। तभी एक हथियारबंद अपराधी हॉस्पिटल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें फायरिंग के दौरान उन्हें तीन गोली लग गई। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया।

वहीं एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि धरहरा के पास एक विंध्यवासिनी अस्पताल है, जिसमें एक व्यक्ति अपनी पत्नी की डिलीवरी कराने आया था, तभी एक लड़का हॉस्पिटल में आकर उस व्यक्ति को गोली मार दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच कर घायल का इलाज करवा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से अभियुक्त की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घायल ने शुरूआती पूछताछ में विवाद से इनकार किया है।