समग्र विकास की अवधारणा पर चल रहा बिहार...

समग्र विकास की अवधारणा पर चल रहा बिहार...

पटना : राज्यसभा के वरिष्ठ सदस्य एवं बिहार जदयू के पूर्व अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने आज जदयू मुख्यालय में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों एवं विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने प्रेस के लोगो से भी विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।

इस दौरान बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि आज बिहार समग्र विकास की अवधारणा पर चल रहा है। बिहार में न केवल आधारभूत संरचना के विकास में एक नया मानदंड कायम हुआ और देश-दुनिया में चर्चित कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत हुई, बल्कि इससे बड़ी उपलब्धि यह है कि समग्र विकास की अवधारणा पर चलने के कारण यहाँ के करोड़ों लोगों में यह विश्वास पैदा हुआ कि विकास की दौड़ में वे किसी से पीछे नहीं हैं।

बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि बिहार में हुए विकास को अगर देखना हो तो यहाँ की आधी आबादी को देखें। आज हमारे घर की महिलाएं चहारदिवारी की सीमा को लांघकर न केवल स्वयं आगे बढ़ रही हैं, बल्कि अपने परिवार को भी आगे बढ़ा रही हैं। उन्हें प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति और पंचायती राज व्यवस्था में 50ः और सरकारी नौकरियों में 35ः आरक्षण देना और जीविका जैसे कार्यक्रम की शुरुआत करना मील का पत्थर साबित हुआ। हमारे यहाँ पुलिस बल में महिलाओं की मौजूदगी देश भर में सर्वाधिक है। राज्य की बेटियों के लिए आज उच्च शिक्षा हासिल करने से लेकर अपना उद्यम शुरू करने तक की सारी सुविधाएं मौजूद हैं। 

बशिष्ठ नारायण सिंह ने आगे कहा कि आज बिहार एक महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक दौर से गुजर रहा है जहाँ सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्र के विकास में इसकी सहभागिता कई गुना बढ़ी है। इसका श्रेय निश्चत रूप से नीतीश कुमार के अद्भुत विजन, अदम्य इच्छाशक्ति और अथक प्रयत्नों को जाता है।