सिर उठाकर जीने का अधिकार है 'वोट', जिसे भाजपा चोरी कर रही: मुकेश सहनी

हम लोग जब तक बिहार और देश की सत्ता से भाजपा को हटा नहीं देंगे, तब तक नहीं छोड़ेंगे: मुकेश सहनी

सिर उठाकर जीने का अधिकार है 'वोट', जिसे भाजपा चोरी कर रही: मुकेश सहनी

पटना, 29 अगस्त। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज कहा कि आजादी के बाद बाबा साहेब ने गरीबों को सिर उठाकर जीने का अधिकार 'वोट' दिया है।  

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में महागठबंधन की ओर से निकाली गई वोटर अधिकार यात्रा आज सिवान पहुँच गई। यहां विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ कर देश को आजाद कराया था। इसके बाद देश में लोकतंत्र आया और देश को संविधान दिया।  

लोकतंत्र में जनता को मालिक बनाया गया। जनता अपने वोट से ही पीएम और सीएम चुनती है। लेकिन भाजपा अब वोट चोरी कर सरकार बना रही है। जब वोट चोरी होगा, तो अच्छी सरकार और जनता की सरकार कैसे बनेगी?  

उन्होंने कहा कि आज जो सरकार है, वह चोरी कर बनी है। उन्होंने दशरथ मांझी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि जब तक पहाड़ तोड़ेंगे नहीं, छोड़ेंगे नहीं, उसी तरह हमलोग भी जब तक बिहार और देश की सत्ता से भाजपा को हटा नहीं देंगे, तब तक छोड़ेंगे नहीं।  

वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने आगे कहा कि वोटर अधिकार यात्रा में लोगों का समर्थन इस बात की गारंटी दे रहा है कि बिहार की जनता भी बिहार में बदलाव चाहती है। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि जनता का साथ मिला, तो हम नया बिहार बनाएंगे और वह सरकार जनता की होगी।