बिहार में अमित शाह की एंट्री से पहले सियासी हलचल तेज, राष्ट्रीय जनता दल विधायक का विवादित बयान !
बिहार में अमित शाह की एंट्री से पहले सियासी हलचल तेज, राष्ट्रीय जनता दल विधायक का विवादित बयान !
अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर जल्द ही बिहार पहुंचने वाले हैं। उनके कार्यक्रम का मुख्य केंद्र सीमांचल क्षेत्र और भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बताया जा रहा है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने इस दौरे को लेकर उन पर सांप्रदायिक माहौल खराब करने का आरोप लगाया है, जिससे राज्य की सियासत गरमा गई है।
अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल विधायक भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया है कि उनका यह दौरा सांप्रदायिक माहौल को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है, खासकर चुनावी समय को देखते हुए सीमांचल मुद्दे को उठाया जा रहा है।
गृह मंत्री 25 फरवरी को पूर्णिया पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए किशनगंज जाएंगे, जहां अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक करेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। 26 फरवरी को अररिया के सीमा क्षेत्र में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद भारत-नेपाल बॉर्डर से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वे वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और फिर पूर्णिया लौटेंगे। 27 फरवरी को अंतिम समीक्षा बैठक के बाद वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरे का मुख्य फोकस सीमांचल क्षेत्र की सुरक्षा, घुसपैठ रोकने और सीमा प्रबंधन को मजबूत करना है। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। गृह मंत्री इससे पहले भी इस क्षेत्र का दौरा कर अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं।