महारानी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर बिहार भाजपा ने की कार्यशाला आयोजित
महारानी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर बिहार भाजपा ने की कार्यशाला आयोजित

पटना, 13 मई – बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के मौके पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे।
भा.ज.पा. महिला मोर्चा द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में डॉ. दिलीप जायसवाल ने महारानी अहिल्याबाई के योगदान को सराहा और कहा कि उन्होंने जिन कठिन परिस्थितियों में धर्मार्थ और जनकल्याण के कार्य किए, वह इतिहास में एक अद्वितीय उदाहरण हैं। उन्होंने आगे बताया कि भाजपा 21 मई से 31 मई तक 'सुशासन और विरासत' अभियान के तहत महारानी अहिल्याबाई के महान कार्यों को लोगों तक पहुंचाएगी।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई का जीवन हमें यह सिखाता है कि उस समय महिलाएं सशक्त थीं और उन्होंने धर्म को राजधर्म के रूप में अपनाया था। उनके द्वारा किए गए कार्य, जैसे सड़क निर्माण, जलाशय, कुएं खुदवाना, महिलाओं की शिक्षा, और धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार, आज भी प्रासंगिक हैं। यह सब उन्हें एक कुशल प्रशासक के रूप में प्रस्तुत करता है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि महापुरुषों के बारे में जानकारी पीढ़ी दर पीढ़ी बच्चों को दी जानी चाहिए, ताकि वे जान सकें कि हमारे देश को किसने नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ऐसे कार्यक्रमों के जरिए जनता को इन महान व्यक्तियों के बारे में जानकारी दे रही है।
इस अवसर पर बिहार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर को एक क्रांतिकारी महिला प्रशासक बताते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्षपूर्ण था। उन्होंने अपने शासन में आत्मनिर्भरता के लिए कुटीर और लघु उद्योगों की शुरुआत की, जिससे समाज को सशक्त किया।
कार्यशाला में भाजपा के संगठन महामंत्री भिखूभाई दालसानिया, विधान पार्षद प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभू और सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।