आरा-बक्सर फोरलेन पर हटाई गई मजार, ड्रोन कैमरे से होती रही निगरानी...

आरा-बक्सर फोरलेन पर हटाई गई मजार, ड्रोन कैमरे से होती रही निगरानी...

आरा : पटना-बक्सर फोरलेन पर सुगम यातायात में अरसे से बाधक बनी कायमनगर बाजार स्थित मजार को शनिवार को स्थानांतरित कर दिया गया। जिला प्रशासन व पुलिस की भारी भरकम व्यवस्था के बीच जेसीबी की सहायता से मजार को हटाया गया। इस मौके पर जिला मुख्यालय से पहुंचे सदर अनुमंडल पदाधिकारी ज्योति नाथ साहदेव और आरा एएसपी की देखरेख में मजार हटाने की पूरी कवायद की गई। मौके पर जिला भूअर्जन पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, सीओ, बीडीओ, महिला राजस्व पदाधिकारी व मनरेगा की अधिकारी, थानाध्यक्ष, समेत सौ-डेढ़ सौ की संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही।

ड्रोन कैमरे से होती रही निगरानी...

पूर्व में कई बार मजार स्थानांतरित करने पर विरोध को देखते हुए शनिवार को कायमनगर में ड्रोन कैमरे से निगरानी होती रही। डीएम राजकुमार जिला मुख्यालय से ही जानकारी लेते रहे। फोरलेन के एक रास्ते पर बैरिकेडिंग कर स्थानीय लोगों को पूरी तरह रोक दिया गया था। ताकि लोग यहां न पहुंच पाएं। हालांकि शनिवार को बिना किसी परेशानी के मजार शिफ्ट कर दिया गया।

नवंबर में ही केंद्रीय मंत्री ने फोरलेन का किया था उद्घाटन...

फोरलेन के आरा-बक्सर खंड पर कायमनगर और सकड्डी में मजार रहने के चलते सड़क अधूरी रहने के बावजूद बीते 14 नवंबर को ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पटना-बक्सर फोरलेन सड़क का उद्घाटन किया था। हालांकि दोनों जगहों पर अधूरे पड़े कार्य के कारण कम समय में गंतव्य स्थान तक पहुंचने की उपलब्धि अब तक अधूरी रही थी। बीच सड़क पर मजार होने के कारण अब तक कई सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।

डीएम की वार्ता का भी नहीं निकला था नतीजा...

कायमनगर से मजार स्थानांतरित करने को लेकर पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों के बीच कई बार की वार्ता हो चुकी थी। इस मामले को लेकर खुद डीएम भी दो बार अपने कार्यालय में वार्ता कर चुके थे। इसके बावजूद मजार स्थानांतरित करने पहुंचे पुलिस बल को कई बार विरोध झेलना पड़ा था। बीते दिनों पुलिस की ओर से बल प्रयोग किए जाने के डर से विरोध कर रहे लोगों ने स्थानीय महिलाओं को ही आगे कर दिया था, जिससे प्रशासन को बैरंग लौटना पड़ा था।