आरा : झगड़े के दौरान पति ने धारदार हथियार से कर दी पत्नी की हत्या, आरोपित गिरफ्तार...

आरा : झगड़े के दौरान पति ने धारदार हथियार से कर दी पत्नी की हत्या, आरोपित गिरफ्तार...

आरा : संदेश थाना क्षेत्र के भटौली गांव में सोमवार को एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी। मृतका 28 वर्षीय धनमुनिया देवी भटौली गांव निवासी अनिल मुसहर की पत्नी थी। सिर पर जख्म के निशान पाए गए हैं।

हत्या से पहले पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसी के बाद बात बढ़ गई और पति ने आवेश में आकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की शादी करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। इस मामले में संदेश थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़े के दौरान यह घटना हुई है। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

घटना के संबंध में महिला के भाई मुन्ना मुसहर ने बताया कि रविवार की रात उसके जीजा अनिल मुसहर द्वारा किसी धारदार हथियार से उसकी बहन के सिर पर वार कर दिया गया। उससे उसकी बहन की मौके पर ही मौत हो गयी। सोमवार की सुबह गांव के लोगों के माध्यम से घटना की सूचना मिली। तब वह बहन के ससुराल भटौली गांव पहुंचा।

पुलिस के अनुसार महिला के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण मौत होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आरोपित से पूछताछ कर कारणों की जानकारी ली जा रही है। अपने स्तर से भी छानबीन की जा रही है।