आरा : गांजा व हथियार संग वांटेड अपराधी गिरफ्तार...

आरा : गांजा व हथियार संग वांटेड अपराधी गिरफ्तार...

आरा : भोजपुर के गड़हनी थाने की पुलिस ने अवैध हथियार और गांजे के साथ टॉप टेन की सूची में शामिल अपराधी को गिरफ्तार किया है। वह गड़हनी थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव निवासी विनय यादव का पुत्र विकास यादव है। उसके पास से देसी कट्टा, दो गोली और करीब 203 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। उसे शनिवार की रात बड़ौरा गांव से गिरफ्तार किया गया है। वह हत्या और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन कांडों में आरोपित रहा है।

एसपी प्रमोद कुमार यादव की ओर से रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम कुख्यात विकास यादव बड़ौरा गांव में अपने साथियों के साथ गांजा की तस्करी कर रहा है। उस आधार पर अपराधी की गिरफ्तारी और गांजे की बरामदगी को लेकर एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गयी।

टीम में शामिल थानाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता ने बड़ौरा गांव में छापेमारी की। पुलिस को देख विकास यादव भागने लगा, जिसे पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया गया। हालांकि उसके अन्य साथी भाग निकले। तलाशी के दौरान विकास यादव के पास से देसी कट्टा और दो गोलियां बरामद की गयीं। इसके बाद उसके घर गई तलाशी ली गयी। वहां से करीब 203 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि विकास यादव की ओर से कुछ गांजा बेच दिया गया है। ऐसे में गांजा खरीदने वालों की पहचान की जा रही है। एसपी ने बताया कि विकास यादव कुख्यात और गड़हनी थाने का टॉप टेन अपराधी है। उसका आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ गड़हनी थाने में 2018 में हत्या, 2019 में रंगदारी, आपराधिक षडयंत्र, आर्म्स एक्ट, चरपोखरी थाने में 2021 में हत्या के प्रयास और नगर थाने में चोरी का केस दर्ज है।