आरा : दो पक्षों में हिंसक झड़प, महिला सहित कई लोग घायल — पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू...

आरा : दो पक्षों में हिंसक झड़प, महिला सहित कई लोग घायल — पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू...

आरा : भोजपुर जिले के इमादपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशंभरपुर गांव में गुरुवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनमें एक महिला भी शामिल है। घायलों को आनन-फानन में तरारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।घटना के संबंध में पीड़ित परिवार के द्वारा इमादपुर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।

पीड़ित का आरोप है कि 26 जून 2025 की रात लगभग 2 बजे गांव के ही कुछ असामाजिक तत्व अचानक हथियारों से लैस होकर उनके घर पर धावा बोल दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार हमला करने वालों में गांव के स्वर्गीय जगदयाल उपाध्याय के पुत्र कमलाकांत उपाध्याय, उनके दो बेटे रवि शंकर उपाध्याय एवं हरिशंकर उपाध्याय सहित पांच अन्य अज्ञात लोग शामिल थे। इन सभी ने राइफल बंदूक एवं धारदार हथियारों से लैस होकर पीड़ित के घर पर न सिर्फ हमला किया बल्कि घर में आगजनी भी की।

पीड़ित ने बताया कि हमला करने वालों ने उनके ऊपर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी और गाली देते हुए कहा कि आज इसे काट देते हैं। इसके बाद उनके घर की तलाशी लेते हुए बहू के बक्से से नगद राशि और कीमती जेवरात लूट लिए गए। इतना ही नहीं उनके ऊपर, बहू पर एवं वृद्ध सास पर बंदूक के बट से हमला किया गया और बुरी तरह पीटकर गालियां देते हुए फरार हो गए। घटना में महिला लालमुनी देवी को गंभीर चोटें आई हैं।

उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।इस गंभीर घटना को लेकर भोजपुर पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इमादपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस टीम गांव में जाकर मौके की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

एसपी राज ने यह भी स्पष्ट किया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर नामजद अभियुक्तों सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने गश्ती बढ़ा दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।