आरा : 24 घंटे के अंदर अगवा शख्स को पुलिस ने किया बरामद, तीन गिरफ्तार...

आरा : 24 घंटे के अंदर अगवा शख्स को पुलिस ने किया बरामद, तीन गिरफ्तार...

आरा : भोजपुर पुलिस के द्वारा अपहरण व्यक्ति को महज 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया गया। उनकी बरामदगी कोईलवर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव से हुई। अपहरण में शामिल पिता-पुत्र समेत तीन बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया है।

इनमें कोईलवर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव निवासी कुख्यात साहेब पासवान, उसका पुत्र राहुल पासवान और जगदीशपुर थाने के जगदीशपुर गांव निवासी मनोज पांडेय शामिल हैं। साथ ही पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल कार को भी जब्त किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पैसे की लेनदेन के विवाद में उनको अपहरण किये जाने की बात सामने आ रही है।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सोमवार को करीब 11 बजे बिहिया थाना क्षेत्र फिनगी गांव निवासी संजय कुमार ओझा को नामजद अपराधियों के द्वारा उनका अपहरण कर लिया गया। जिसके बाद उनसे बेटे सूरज कुमार ओझा द्वारा बताया गया कि उनके पिता सोमवार की सुबह करीब 11 बजे बिहिया स्टेशन रोड की ओर गए थे। उसी क्रम में बिहिया उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास से नीले कार पर सवार तीन नामजद अपराधी आए और उनके पिता संजय कुमार ओझा को उसी कार में बैठा कर उन्हें अपहरण कर ले गए। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसमें बिहिया थानाध्यक्ष एवं डीआईयू की टीम शामिल थी।

टीम ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए कार के नंबर को लोकेट किया।आवेदन मिलने के मजह 6 घंटे बाद ही तकनीकी सूत्र के जरिए तीनों अपराधियों को कोईलवर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों की निशानदेही पर अगवा व्यक्ति को ज्ञानपुर गांव स्थित आम के बागीचे से बरामद कर लिया गया और अपहरण में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गयी।

वही, एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि अभी अपहरण का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। गिरफ्तार अपराधियों का कहना है कि उनके बीच कुछ आपस में विवाद हुआ था। जिसके कारण इन लोगों के द्वारा उनका अपहरण किया गया था। पुलिस अभी अनुसंधान कर रही है।