सिर्फ दिन नहीं, आज की रात भी भारी, 10 जिलों में वॉर्म नाइट का अलर्ट; दो दिनों में 27 की मौत...

सिर्फ दिन नहीं, आज की रात भी भारी, 10 जिलों में वॉर्म नाइट का अलर्ट; दो दिनों में 27 की मौत...

पटना : बिहार के उत्तरी भाग को छोड़ पटना समेत शेष जिलों में भीषण गर्मी व लू का कहर जारी है। अगले तीन दिनों तक इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजस्थान से आ रही गर्म हवा, नमी की कमी, बादलों का न बनना आदि कारणों से प्रदेश के दक्षिणी भागों में तपिश चरम पर है। राज्‍य के अस्‍पतालों में लू के मरीजों की संख्‍या बढ़ती जा रही है।

पटना समेत प्रदेश का अधिकतम तापमान 40-43 डिग्री सेल्सियस के पास बना रहेगा। भीषण गर्मी को देखते हुए पटना में स्‍कूल 24 जून तक बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए बिहार के 10 जिलों बक्‍सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा व शेखपुरा में इस साल पहली बार उष्‍ण रात्रि (Warm Night) की चेतावनी जारी की है।

वहीं, पटना, नालंदा, शेखपुरा, बांका, बेगूसराय, लखीसराय, खगडि़या व जमुई में भीषण उष्‍ण लहर का आरेंज अलर्ट है। जहानाबाद, गया, भागलपुर व मुंगेर में उष्‍ण लहर का येला अलर्ट है। बक्‍सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद व अरवल में भी लू चलेगी।

इस बीच दो दिनों के दौरान भीषण गर्मी से मरने वालों की संख्‍या 27 पहुंच चुकी है। इनमें शुक्रवार को 16 लोगों की मौत हुई है, जिसमें बांका व अरवल में चार-चार, औरंगाबाद में तीन, भोजपुर में दो तथा जहानाबाद, जमुई व भागलपुर में एक-एक लोगों की मौत लू लगने से हो गई।

मरने वालों में एक इंजीनियर व एक महिला सिपाही भी है। बांका में सदर अस्पताल में महज दो घंटे के अंदर चार लोगों की मौत हो गई। हालांकि, डॉक्टर इसकी पुष्ट नहीं कर रहे हैं। जमुई में लघु सिंचाई विभाग में पदस्थापित इंजीनियर अजीत कुमार आजाद की मौत हो गई। उनकी पत्नी कुमारी बिंदू वर्तमान में शेखपुरा जिले के चेवाड़ा प्रखंड में सीडीपीओ हैं।

वहीं, भागलपुर स्थित घोघा रेलवे प्लेटफार्म पर मुंगेर निवासी यात्री की अचानक मृत्यु हो गई। भोजपुर में एक वृद्ध व अधेड़ महिला के शव अलग-अलग जगह गिरे पड़े मिले। इनके लू से मृत्यु की पुष्टि हो गई है। अरवल में चार की मृत्यु शुक्रवार को हुई। गंभीर 10 मरीजों को पटना रेफर किया गया। औरंगाबाद के अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन पर महिला सिपाही तब्बसुम बानो की मौत हो गई।