पूर्णिया एयरपोर्ट से जोगबनी तक बस सेवा मजबूत, दो नई बसों से सफर होगा आसान !

बिहार सरकार ने पूर्णिया एयरपोर्ट–जोगबनी रूट पर बस सेवा बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस मार्ग पर पहले से दो बसें चल रही थीं, लेकिन यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब दो अतिरिक्त बसें और चलाई जाएंगी।

पूर्णिया एयरपोर्ट से जोगबनी तक बस सेवा मजबूत, दो नई बसों से सफर होगा आसान !
बिहार सरकार ने पूर्णिया हवाई अड्डे की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में परिवहन विभाग ने नेपाल सीमा और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए पूर्णिया एयरपोर्ट से जोगबनी के बीच बस सेवा शुरू करने की पहल की है। इसका उद्देश्य यात्रियों को हवाई यात्रा के लिए आसान और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। 18 फरवरी से इस रूट पर दो बसों का नियमित संचालन शुरू हो चुका है। इसके अलावा दो और बसें जल्द चलाई जाएंगी, जिसके लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार में ऑनलाइन परमिट आवेदन किया गया है। परमिट मिलते ही अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। सिविल एविएशन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि यह पहल सीमांचल और नेपाल क्षेत्र के लोगों को देश के अन्य हिस्सों से बेहतर तरीके से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार एयरपोर्ट को अधिक उपयोगी और लोकप्रिय बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और भविष्य में कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा। इस बस सेवा से न केवल एयरपोर्ट का उपयोग बढ़ेगा, बल्कि सीमांचल क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर खुलने की संभावना है। खास तौर पर अररिया, फारबिसगंज और जोगबनी के यात्रियों को इससे सीधा लाभ मिलेगा और हवाई यात्रा उनकी पहुंच में आसान होगी। वर्तमान में पूर्णिया एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित हो रही हैं, जबकि दिल्ली, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए भी नियमित सीधी फ्लाइट सेवाएं उपलब्ध हैं। सरकार एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को लेकर सक्रिय और दूरदर्शी रणनीति पर काम कर रही है।