रेलवे का बड़ा फैसला: 1 मार्च से नहीं चलेगा पुराना टिकट ऐप, जनरल टिकट पर असर
रेलवे का बड़ा फैसला: 1 मार्च से नहीं चलेगा पुराना टिकट ऐप, जनरल टिकट पर असर
भारतीय रेलवे ने अहम फैसला लेते हुए घोषणा की है कि 1 मार्च 2026 से जनरल टिकट बुकिंग वाला वर्तमान ऐप बंद कर दिया जाएगा। जो यात्री मोबाइल से टिकट लेते हैं, उनके लिए यह अपडेट जानना जरूरी है।
भारतीय रेलवे डिजिटल टिकटिंग सिस्टम को अपग्रेड कर रहा है। 1 मार्च से जनरल टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला UTS ऐप बंद हो जाएगा और उसकी जगह नई सुपर ऐप ‘RailOne’ पूरी तरह लागू होगी। अब टिकट से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी।अभी तक यात्री UTS ऐप से जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट ऑनलाइन ले सकते थे, लेकिन अब ये सभी सुविधाएं RailOne ऐप पर उपलब्ध होंगी। पिछले साल लॉन्च किया गया RailOne यात्रियों के लिए एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है। RailOne ऐप पर यात्रियों को जनरल, रिजर्व और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही IRCTC Rail Connect, NTES, Rail Madad और फूड ऑन ट्रैक जैसी सेवाएं भी इसमें शामिल हैं, जिससे अलग-अलग ऐप की जरूरत खत्म हो जाएगी। जनरल टिकट पर 3% की छूट
RailOne ऐप को प्रमोट करने के लिए रेलवे जनरल टिकट पर 3 फीसदी का डिस्काउंट दे रही है। यह लाभ केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगा जो भुगतान UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल माध्यम से करेंगे। यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक मान्य रहेगा।
RailOne ऐप की खास सुविधाएं
RailOne के जरिए यात्री जनरल, रिजर्व और प्लेटफॉर्म टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। ऐप में लाइव ट्रेन स्टेटस, देरी की जानकारी, कोच पोजिशन और प्लेटफॉर्म डिटेल्स रियल-टाइम में उपलब्ध होंगी। इसके अलावा PNR स्टेटस चेक करने, टिकट रद्द करने और IRCTC के अधिकृत वेंडरों से भोजन ऑर्डर करने की सुविधा भी दी गई है। Rail Madad फीचर के माध्यम से यात्री शिकायत, सुझाव और सर्विस रिक्वेस्ट दर्ज कर सकते हैं।
रेलवे के अनुसार, RailOne को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्रियों को टिकटिंग और यात्रा से जुड़ी सभी डिजिटल सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलें, जिससे पूरी प्रक्रिया ज्यादा आसान और सुरक्षित बन सके।