बिहार में बकाया बिजली बिल पर सख्ती, 1 लाख उपभोक्ताओं की सप्लाई कटने का खतरा !

बिहार में बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। 5 हजार रुपये या उससे ज्यादा बकाया होने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है, खासकर बांका और अमरपुर क्षेत्रों में अभियान चल रहा है।

बिहार में बकाया बिजली बिल पर सख्ती, 1 लाख उपभोक्ताओं की सप्लाई कटने का खतरा !
बिहार में बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर अब कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन लोगों पर 5 हजार रुपये या उससे अधिक बकाया है, उनका बिजली कनेक्शन कभी भी काटा जा सकता है। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो मार्च महीने तक जारी रहेगा। इस अभियान का मुख्य फोकस बांका और अमरपुर डिवीजन पर रखा गया है। दोनों क्षेत्रों में बकायेदार उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली गई है। अधिकारियों के अनुसार जिले में लगभग एक लाख उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन पर बिजली बिल बकाया है, जिनमें करीब 50-50 हजार उपभोक्ता दोनों डिवीजन से जुड़े हैं। कार्रवाई को तेज करने के लिए बांका डिवीजन में 20 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें कनीय अभियंता की देखरेख में घर-घर जाकर बकाया वसूली और कनेक्शन काटने की कार्रवाई करेंगी। एसडीओ और कार्यपालक अभियंता स्तर पर रोज मॉनिटरिंग की जा रही है और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अभियान के तहत बांका नगर परिषद, बौंसी, बाराहाट और कटोरिया के साथ-साथ अमरपुर नगर पंचायत, रजौन और धोरैया क्षेत्रों में विशेष कार्रवाई होगी। दोनों डिवीजन को मिलाकर लगभग चार लाख उपभोक्ता हैं। विभाग ने यह भी पाया है कि कई लोग पुराने कनेक्शन पर बकाया होने के बावजूद दूसरे के नाम से नया कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे मामलों की भी जांच की जा रही है। टीम पहले बकाया जमा करने का मौका देगी, लेकिन भुगतान नहीं होने पर तुरंत कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके साथ ही गर्मी के मौसम से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी जोर दिया जा रहा है। जर्जर तारों को बदलने, पेड़ों की डालियों की कटाई और मेंटेनेंस कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि गर्मी के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो।