आरा में एक्टर पवन सिंह को देखने के लिए बेकाबू हुई भीड़, पुलिस ने भांजी लाठियां...

आरा में एक्टर पवन सिंह को देखने के लिए बेकाबू हुई भीड़, पुलिस ने भांजी लाठियां...

आरा : भोजपुर जिले के गड़हनी प्रखंड के लभुआनी गांव में चल रहे लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह मां सिद्धेश्वरी प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ में बुधवार को भोजपुरी के पावर स्टार सह अभिनेता पवन सिंह भी पहुंचे। वे यहां हेलीकॉप्टर से पहुंचे और नवनिर्मित मां काली मंदिर में माथा टेका। फिर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांट स्टेज पर पहुंचे। इस दौरान जुटी भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां चटकानी पड़ी। पुलिस ने भीड़ में शामिल किशोरों व युवाओं को लाठियां भांज खदेड़ा। इसमें कुछ किशोर लाठी से चोटिल भी हुए।

दरअसल, प्रोग्राम खत्म होने के बाद पवन सिंह अपने हेलिपैड तक पहुंचे तो उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों की भीड़ जमा हो गई। बेकाबू भीड़ बांस पर चढ़कर उनके पक्ष में नारेबाजी करने लगी। इसके बाद पुलिस ने हेलिकॉप्टर से लोगों को दूर रखने के लिए लोगों पर लाठियां चलानी शुरू कर दी। लाठीचार्ज के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोगों को चोट भी आई।

जिले के लभुआनी गांव में मां सिद्धेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 28 अप्रैल को श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन किया गया था। पवन सिंह ने यहां सबसे पहले विशाल भंडारा में जाकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा। इसके बाद मंच पर पहुंचे थे।

पवन सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत माता भजन गंगा जी नहईबो ए मईया जलवा ऐ अईबो,अंगना लिपईबो ए मईया कलशा धरइबो'....से की। इसके बाद पवन सिंह ने 'सुनारी हमार मइया गाना' से लोगों को खूब झुमाया। पवन सिंह के देवी गीतों पर लोग झूमते हुए नजर आए। सभी अपने–अपने मोबाइलों में इस पल कैद करते नजर आए ।

लभुआनी में यज्ञ के दौरान 30 अप्रैल को विराट संत सम्मेलन का आयोजन भी हुआ था। इसमें पद्म विभूषण जगतगुरु  श्रीरामभद्राचार्य जी महाराज, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर सहित देश के कई हिस्सों से आये संतों ने हिस्सा लिया था।