आरा : बालू घाट पर बालू लोड करने को लेकर मजदूरों में मारपीट व फायरिंग, एक को लगी गोली, चार गिरफ्तार...

आरा : अजीमाबाद थाना क्षेत्र के किरकिरी गांव स्थित नारायणागंज घाट पर बुधवार की दोपहर ट्रक पर बालू लोड करने के विवाद में मजदूरों के दो पक्षों में झड़प हो गयी। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। फायरिंग भी कर दी गयी, जिसमें गोली लगने से एक मजदूर जख्मी हो गया। जख्मी मजदूर को गोली दाहिने हाथ में बांह पर लगी है जो आर पार हो गई है। गोली से जख्मी मजदूर अजीमाबाद थाना क्षेत्र के किरकिरी गांव निवासी देवेंद्र यादव का 19 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार है। वहीं मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष के भी सात लोग जख्मी हो गए। सभी का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पीरो एसडीपीओ राहुल सिंह, सहार थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार, पीरो थानाध्यक्ष नंद किशोर सिंह एवं अजीमाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीपीओ राहुल सिंह घटना की पूरी जानकारी ली। इसके पश्चात पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी कर रही है।

गोली से घायल रजनीश कुमार ने बताया कि वे बालू घाट पर मजदूरी करते हैं। बुधवार की दोपहर वे नरायणागंज बालू घाट पर बालू लोड करने का काम करने के लिए गए थे। इस दौरान दूसरे पक्ष के भी लोग वहां मौजूद थे। जब वे ट्रक पर बालू लोड कर रहे थे। तभी दूसरे पक्ष द्वारा मना किया जाने लगा। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोंकझोंक हुई। जिसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई।

मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष द्वारा फायरिंग कर दी गई। फायरिंग के दौरान उन्हें गोली लग गई और वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद परिजनों द्वारा इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया।

इधर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि बुधवार की दोपहर अजीमाबाद थाना क्षेत्र के नारायणगंज घाट पर ट्रक पर बालू लादने को लेकर मजदूर के दो गुटों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था। इसमें थानाध्यक्ष द्वारा बीच-बचाव कर दोनों को समझाया गया। थानाध्यक्ष के लौटने के बाद दोनों गुट फिर मारपीट करने लगे। इसी बीच एक गुट के एक लड़के द्वारा कट्टे से गोली चला दी गई। मजदूर के हाथ में गोली लग गयी। उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। वह खतरे से बाहर है।

फायरिंग करने वाले की पहचान कर ली गयी है। दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी चल रही है। उन्होंने बताया कि घटना में संलिप्त चार लोगो को गिरफ्तार कर लिया गया है।