आरा : शादी के दौरान हर्ष फायरिंग में दूल्हे के भतीजे को लगी गोली...

आरा : शादी के दौरान हर्ष फायरिंग में दूल्हे के भतीजे को लगी गोली...

आरा : चरपोखरी थाना क्षेत्र के देकुड़ा गांव में मंगलवार की देर रात शादी समारोह में नाच के दौरान हर्ष फायरिंग में दुल्हे के भतीजे को गोली लग गई। गोली कमर में लगी है। गोली से घायल 11 वर्षीय बालक सक्षम बाबू सीतामढ़ी जिले के बुद्धनगर , नानपुर गांव निवासी रंजीत महाराज का पुत्र है। 

घटना के बाद जब लोगों ने फायरिंग करने वाले को पकड़ने का प्रयास किया तो स्कार्पियो गाड़ी से भागने के क्रम में उसने उसी बच्चे को रौंद दिया जिसे गोली लगी थी। भागने के क्रम में बड़े भाई को भी धक्का मार दिया। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

जख्मी बच्चे के पिता रंजीत महाराज ने बताया कि उनके भाई सोनू कुमार का बरात सीतामढ़ी से चरपोखरी थाना क्षेत्र के देकुड़ा गांव संजय तिवारी के घर आई थी। मंगलवार की रात जब वह अपने दोनों बेटों को मंडप की ओर ले जा रहे थे कि उसी दौरान गांव के एक व्यक्ति द्वारा फायरिंग कर दी गई। जिसमें फायरिंग के दौरान उनके छोटे बेटे को गोली लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। 

एसपी प्रमोद कुमार ने कहा कि चरपोखरी थाना अंतर्गत देकुडा गांव में संजय तिवारी के घर शादी कार्यक्रम था। जिसमें गोली चलने से एक बच्चे को कमर में गोली लगी है। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय थाना मौके पर पहुंची। जहां आरंभिक जांच में पता चला की शादी कार्यक्रम में एक व्यक्ति की राइफल से हवाई फायरिंग हुई। इस क्रम में एक बच्चे को गोली टच कर निकल गई है। घायल लड़का खतरे से बाहर है।

उन्होंने बताया कि गोली चलाने वाले का सत्यापन किया जा रहा है और साथ में जो शादी कार्यक्रम के आयोजक हैं। उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करते हुए विधि करवाई सुनिश्चित की जा रही है।