आरा : प्रसव के बाद पत्नी और बच्चे की मौत, परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लगाया लापरवाही का आरोप...

आरा : प्रसव के बाद पत्नी और बच्चे की मौत, परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लगाया लापरवाही का आरोप...

आरा : भोजपुर में सोमवार को प्रसव के दौरान महिला एवं उसके बच्चे की मौत हो गई। पीरो बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान यह घटना घटी। जहां पहले नवजात की मौत हो गई। इसके बाद गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान प्रसूता महिला की भी जान चली गई। मामला जिले के पीरो थाना क्षेत्र के पीरो नगर स्थित निजी अस्पताल का है।

मृत महिला पीरो थाना क्षेत्र के चतुर्भुजी बरांव गांव निवासी सुनील कुमार की पत्नी प्रिया कुमारी है। मृत महिला का पति भारतीय नेवी के जवान हैं एवं वर्तमान में चेन्नई में पोस्टेड है। फिलवक्त मृतका का पूरा परिवार पीरो के नया बस पड़ाव स्थित अपना मकान में रहता हैं।

इधर, प्रसूता महिला एवं नवजात बच्चे के मौत के बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान परिजन ने डॉक्टर और हॉस्पिटल के कर्मियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

उससे काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। वही हंगामा के दौरान लोगों के आक्रोश को देखकर डॉक्टर एवं कर्मचारी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना मौके पर पहुंची पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। इसके पश्चात पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

वहीं मृत महिला के पति सुनील कुमार ने बताया कि रविवार की मध्यरात्रि करीब साढ़े तीन बजे उनकी पत्नी को काफी तेज दर्द होने लगा। जिसके बाद परिजन उसे प्रसव के लिए उसे आरा ले जा रहे थे। तभी रास्ते में दर्द अधिक बढ़ गया तो तिलाठ मोड़ के समीप निजी अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टर द्वारा बताया गया कि यहां हर सुविधा है और उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। उसके बाद सुबह करीब साढ़े छह बजे ऑपरेशन कर प्रसव कराया गया।

तब महिला को बच्ची पैदा हुई। लेकिन कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। ऑपरेशन के बाद उनकी पत्नी का रक्तस्त्राव होने लगा। जिसके बाद डॉक्टर द्वारा ब्लड चढ़ाने की बात कही गई। जिसके बाद महिला के चाचा द्वारा ब्लड भी दिया गया। उसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। जिसे देखकर डॉक्टरों द्वारा आरा रेफर कर दिया गया और उसे आरा स्थित एक निजी अस्पताल भेजा गया। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे आरा स्थित निजी अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार कर उसे पटना रेफर कर दिया गया। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे पटना ले गया। जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं दूसरी ओर मृत महिला के पति सुनील कुमार ने डॉक्टर के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रसूता महिला एवं बच्चे की मौत के बाद भारतीय नेवी जवान सुनील कुमार के घर में कोहराम मच गया है। बताया जाता है कि नेवी जवान सुनील कुमार की शादी पिछले साल रोहतास जिला के मझौली गांव निवासी प्रिया कुमारी के साथ हुई थी।

मृत महिला के पिता सीआरपीएफ में है एवं वर्तमान में मध्य प्रदेश के कटनी में तैनात हैं। बता दें कि पीरो स्थित निजी अस्पताल में प्रसव कराना दिन प्रतिदिन खतरनाक होता जा रहा है। पिछले महज सात दिनों में प्रसव के दौरान दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। दोनों मौत ऑपरेशन के जरिए प्रसव के दौरान हुई है।

ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के सिस्टम पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक सप्ताह पूर्व मौत के मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। बावजूद इसके पीरो स्थित निजी अस्पतालों में धड़ल्ले से ऑपरेशन और प्रसव कराया जा रहा है।