आरा : बेटे ने करवा दी पिता की हत्या! पुलिस ने किया पूर्व पार्षद हत्याकांड का खुलासा...

आरा : भोजपुर पुलिस ने पूर्व पार्षद त्रिभुवन महतो उर्फ राजकुमार उर्फ छोटू हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पूर्व वार्ड पार्षद हत्याकांड का खुलासा 48 घंटे के भीतर ही रविवार को कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में एक मृतक का बेटा है। दरअसल, दो दिन पहले कोईलवर थाना के चंदा पेट्रोल पंप के पास पूर्व पार्षद की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, अवैध संबंध के चक्कर में पूर्व पार्षद की हत्या कर दी गई। इस घटना में उसके सगे पुत्र ने ही अपने पिता की हत्या करने में लाइनर का काम किया। उसने अन्य अभियुक्तों के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या करवा दी।

भोजपुर पुलिस ने तकनीकी सूत्र, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी बेटे को उठाया। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्याकांड में अपनी संलिप्त स्वीकार की। इसके बाद मामले पर से पर्दा उठ गया। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल कोईलवर के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति मुन्ना चौधरी के ऊपर मृतक के भाई ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

बताया जा रहा है कि मुन्ना चौधरी का अवैध संबंध मृतक की पत्नी के साथ था। वहीं बाप बेटे में भी पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर बेटे ने लाइनर की भूमिका निभाते हुए पिता की हत्या करा डाली।

भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने 48 घंटे के अंदर ही इस बड़े हत्याकांड का खुलासा कर दिया। इस कांड में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से चार मोबाइल और एक बाइक बरामद किया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

घटना में पत्नी की संलिप्तता की जांच की जा रही है अगर वो दोषी पाई गई तो उसे भी जेल भेजा जाएगा। इस घटना में सुपारी देकर हत्या कराई गई है। वहीं, बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी का प्रेमी अपनी पत्नी के हत्याकांड में जेल में रह चुका है। उसने अपनी पत्नी की हत्या 2014 में कर दी थी।