आरा में मनरेगा डाटा एंट्री ऑपरेटर को बाइक सवार दो अपराधियों ने मारी गोली...

आरा में मनरेगा डाटा एंट्री ऑपरेटर को बाइक सवार दो अपराधियों ने मारी गोली...

आरा : भोजपुर जिले में एक मनरेगा डाटा एंट्री ऑपरेटर को घर जाते समय गोली मार दी गई। घटना पीरो थाना क्षेत्र के धोबी घटवा के पास हुई जब शशिकांत कुशवाहा उर्फ बिट्टू अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। घायल शशिकांत को इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। शशिकांत कुशवाहा जगदीशपुर प्रखंड में मनरेगा के डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम करते हैं। अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद, वह अपनी बाइक से अपने गांव कोयल, चरपोखरी जा रहे थे। तभी धोबी घटवा के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी।

भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीरो अनुमंडल अंतर्गत जगदीशपुर पीरो मार्ग पर धोबी घटवा जगह पर लगभग 9:30 बजे देर शाम कोयल गांव के रहने वाले शशिकांत कुशवाहा को अपराधियों ने गोली मार दी। जगदीशपुर अनुमंडल में मनरेगा के अंतर्गत काम करते हैं। जगदीशपुर से पीरो जाने के क्रम में बाइक सवार दो अपराधियों के द्वारा किसी कारणवश उनके ऊपर गोली चला दिया गया। गोली चेहरे पर लगी है।

सूचना प्राप्त होते ही घायल को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। प्राथमिक जानकारी में कुछ लोगों का कहना है कि अपराधी घायल से बाइक छीनना चाह रहे थे। हालांकि घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है, फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस इस मामले में कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। 

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पीरो के नेतृत्व में टीम का गठन पुलिस अधीक्षक भोजपुर के द्वारा कर दिया गया है। टीम छापामारी आरंभ कर दी है। कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है। जल्दी घटना का उद्भेदन करते हुए अभीयुक्तो की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।