भागलपुर जिले के रंगरा पहुंचे वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर मदद का दिया भरोसा...

भागलपुर जिले के रंगरा पहुंचे वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर मदद का दिया भरोसा...

पटना : विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी आज भागलपुर के रंगरा पहुंचे और स्टेशन पर शरण लिए बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों को पार्टी द्वारा हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। उन्होंने तत्काल वहां के एसडीओ और सीओ को फोन कर बाढ़ पीड़ितों को मदद देने की बात कही। 

श्री सहनी रंगरा पहुंचकर कहा कि यह सूखा प्रभावित क्षेत्र घोषित है जबकि पूरा इलाका बाढ़ के पानी से भरा है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग एक महीने से स्टेशन पर शरण लिए हुए हैं लेकिन मदद नहीं दी जा रही है। उन्होंने लोगों से पार्टी की तरफ से मदद देने का भरोसा दिया। 

वीआईपी प्रमुख ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि जमीन सर्वे की पॉलिसी सही है, लेकिन इसमें रैयतों को किसी प्रकार की परेशानी नही हो, इसका भी ख्याल रखा जाना चाहिए। भूमि को लेकर सभी विवादों का हल हो जाना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर अधिकारियों पर लगाम लगाने की भी बात कही। 

उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि केंद्र की सरकार को संविधान से कोई मतलब नहीं है। सरकार गिराना, विपक्ष के नेताओं को जेल में डालना उनके कार्यप्रणाली का हिस्सा है। 

उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जबरदस्ती जेल में बंद कर रखा गया था। वे जेल से बाहर भी आए है और इस्तीफा भी दिया है। उन्होंने यह भी साबित कर दिया कि उन्हें कुर्सी से नही जनता से प्रेम है।