Bihar Budget 2026: सीएम नीतीश बोले—युवाओं और महिलाओं के सपनों को साकार करेगा बजट

सीएम नीतीश कुमार ने बिहार बजट 2026-27 को राज्य के विकास की दिशा में ऐतिहासिक करार दिया है। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि 3.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक का यह बजट ‘विकसित बिहार’ के लक्ष्य को साकार करेगा। पिछले वर्ष की तुलना में करीब 30 हजार करोड़ रुपये बढ़े इस बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों समेत समाज के हर वर्ग के लिए न्याय के साथ विकास पर जोर दिया गया है।

Bihar Budget 2026: सीएम नीतीश बोले—युवाओं और महिलाओं के सपनों को साकार करेगा बजट
बजट में युवाओं और महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि सरकार का सबसे बड़ा फोकस रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर है। अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए सरकारी संसाधनों का योजनाबद्ध उपयोग शुरू कर दिया गया है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।सीएम नीतीश कुमार ने भरोसा जताया है कि आने वाले वर्षों में बिहार की अर्थव्यवस्था करीब 14.9 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के लक्ष्यों को हासिल करने में यह बजट अहम भूमिका निभाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे प्रमुख क्षेत्रों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, ताकि विकास की रफ्तार लगातार बनी रहे। नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत वित्तीय प्रबंधन और केंद्र के समर्थन से बिहार जल्द ही देश के अग्रणी विकसित राज्यों में शामिल होगा।