आरा : घर के आंगन में प्रवेश कर भैंस खोल रहे थे बदमाश, चुराने का विरोध करने पर महिला को मार दी गोली...

आरा : घर के आंगन में प्रवेश कर भैंस खोल रहे थे बदमाश, चुराने का विरोध करने पर महिला को मार दी गोली...

आरा : धनगाई थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में सोमवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने भैंस चोरी का विरोध करने पर एक महिला को गोली मार दी। जख्मी महिला धनगाई थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव निवासी मनरिका पासवान की पत्नी माना देवी (45) है। घायल महिला को गोली बाएं हाथ में लगी है। इलाज आरा सदर अस्पताल में करवाया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।

घायल माना देवी ने बताया कि सोमवार की रात वह मवेशी को आंगन में बंधने के बाद खाना खाकर कमरे में सोने चली गई थी। सोमवार की देर रात पिकअप पर सवार हथियारबंद अपराधी उनके घर में प्रवेश कर गए और आंगन में बंधी भैंस को खोलकर ले जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान भैंस चिल्लाने लगी।

भैंस के चिल्लाने की आवाज सुनकर उन्होंने अपने पति को भैंस देखने के लिए कहा। तो उनके पति आंगन में आए। तभी उन्हें देख अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग कर दी गई। हालांकि फायरिंग फायरिंग उनके पति बाल-बाल बच गए। इसके बाद जब वह भी अपने कमरे से निकलकर आंगन में आई तो उक्त अपराधियों ने उन पर भी फायरिंग कर दी। जिसमें फायरिंग के दौरान उनके बाएं हाथ में गोली लग गई। इसके बाद सभी अपराधी पिकअप पर सवार होकर भाग निकले।

जख्मी महिला माना देवी ने पिकअप पर सवार होकर आए हथियारबंद अपराधियों पर भैंस चोरी करने का विरोध करने पर उन्हें गोली मारने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। इधर, एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। इसके लिए जगदीशपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर दिया गया है।