आरा : खाने-पीने के दौरान आपसी विवाद में दोस्तों ने की थी सारण के युवक की हत्या, दो गिरफ्तार...

आरा : खाने-पीने के दौरान आपसी विवाद में दोस्तों ने की थी सारण के युवक की हत्या, दो गिरफ्तार...

आरा : गीधा औद्योगिक क्षेत्र में सारण निवासी युवक संतोष साह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दोस्तों ने खाने-पीने के दौरान आपसी विवाद में उसकी हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया है। इनमें छपरा के अवतार नगर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी मुकेश साह और भोजपुर के चरपोखरी थाना क्षेत्र के खरांटी गांव निवासी रामलखन सिंह शामिल हैं। दोनों ने घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकार कर ली है। पुलिस अन्य आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सारण के अवतार नगर थाना क्षेत्र के छोटामी गांव निवासी नवल साह का 37 वर्षीय पुत्र संतोष साह कुछ दोस्तों के साथ सीमेंट पाइप फैक्ट्री में काम गीधा आया था। चार सितंबर को गीधा पानी टंकी के पास उसका शव बरामद किया गया था। उस संबंध में संतोष साह के चाचा बिरजू साह के बयान पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। उनमें सारण के दिघवारा थाना क्षेत्र के आमी गांव निवासी शैलेश साह, उसके पुत्र करण साह, अर्जुन सिंह और प्रतापपुर गांव निवासी मुकेश साह को आरोपित किया गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी और हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गयी थी। टीम में शामिल ओपी इंचार्ज प्रियाशीला द्वारा गुरुवार की रात सीमेंट फैक्ट्री कैंपस से खरांटी निवासी रामलखन सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर प्रतापपुर गांव निवासी मुकेश साह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि लड़के सीमेंट पाइप फैक्ट्री में काम करते थे और एक साथ रहते थे। तीन सितंबर की रात खाने पीने के दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और मारपीट हो गयी। इसमें संतोष साह की मौत हो गयी थी। इससे सभी डर गये और साक्ष्य मिटाने को शव को पानी टंकी के पास फेंक दिया गया था। एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।