जीडी कॉलेज में अव्यवस्था पर NSUI का गुस्सा, प्राचार्य पर आरोप—छात्रों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़ !
जीडी कॉलेज में अव्यवस्था पर NSUI का गुस्सा, प्राचार्य पर आरोप—छात्रों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़ !
NSUI ने जी.डी. कॉलेज में फैली गंदगी और प्राचार्य की कथित लापरवाही पर कड़ा आक्रोश जताया है। संगठन का कहना है कि अगर छात्रों के भविष्य से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कॉलेज प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। यह मामला बेगूसराय में चर्चा का विषय बन गया है।
NSUI ने जी.डी. कॉलेज की बदहाल स्थिति को लेकर कॉलेज प्रशासन और प्राचार्य डॉ. भोपेंद्र नारायण सिंह पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि प्राचार्य की लापरवाही से करीब 40 हजार छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कॉलेज की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
जिला अध्यक्ष राजा कुमार ने कहा कि कॉलेज खुला रहने के बावजूद प्राचार्य कक्ष पर अक्सर ताला लटका रहता है, जो प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिसर में भारी गंदगी फैली है और हालात ऐसे हैं जैसे पूरे शहर का कचरा कॉलेज में फेंक दिया गया हो।
संगठन के सचिव पवन कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं के शौचालयों में भी साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है, यहां तक कि कुछ जगहों पर अवैध सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। उनका कहना है कि बेगूसराय की पहचान रहे इस कॉलेज की छवि प्राचार्य की कार्यशैली के कारण धूमिल हो रही है।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कॉलेज प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि छात्रों के हितों से समझौता किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।