आरा : बाइक सवार बदमाशों ने छिनतई के दौरान फेरी वाले को मारी गोली...

आरा : बाइक सवार बदमाशों ने छिनतई के दौरान फेरी वाले को मारी गोली...

आरा : चांदी थाना क्षेत्र के रामदिहल टोला गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक फेरीवाले को गोली मार दी। घायल युवक शिवहर जिला के पीपरारी थाना क्षेत्र के देवकुली धर्मपुर गांव निवासी राज कुमार यादव का पुत्र भोला यादव (25वर्ष) है। जख्मी युवक को गोली दाहिने साइड पीठ पर लगी है। घटना की सूचना मिलते ही चांदी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई।

भोला यादव ने बताया कि वह अपने साथी के साथ बाइक से गांव-गांव घुमकर फेरी का काम करता है। कुछ दिन पहले ही इसी सिलसिले से अपने गांव से भोजपुर आया था। कुल्हड़िया गांव में किराए का मकान लेकर अपने दोस्त नवीन कुमार के साथ रहता है। वह लोगों से पुराने कपड़े लेता है। उसके बदले उन्हें प्लास्टिक के नए सामान और बच्चों का खिलौने देता है।

वह रविवार की सुबह भी अपने दोस्त नवीन कुमार के साथ बाइक से फेरी करने रामडीहल टोला गांव में गया था। तभी एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और सामान लेने के बहाने बुलाकर घर ले जाने लगे। लेकिन बीच रास्ते में ही उन लोगों ने उन्हें रोक दिया और उनके पास रहे मोबाइल और सामान को छीनने लगे।

जब भोला यादव ने इसका विरोध किया तो उक्त हथियारबंद बदमाशों में से एक ने उसे गोली मार दी। बाइक चला रहा उसका दोस्त नवीन कुमार ने उसका बीच-बचाव करने की कोशिश की तो इस बदमाशों ने उसकी भी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई।