आरा : जिले में भीषण बिजली संकट, मोबाइल चार्ज करना भी मुश्किल...

आरा : जिले में भीषण बिजली संकट, मोबाइल चार्ज करना भी मुश्किल...

आरा : जिले में भीषण बिजली संकट हो गया है। सभी नगर निकायों और प्रखंडों में लगातार 9 घंटा से लेकर 30 घंटा तक बिजली आपूर्ति बंद रह रही है। शुक्रवार की दोपहर से शनिवार की शाम तक अधिकांश विद्युत केंद्र और विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए। लगातार 6, घंटे, 11 घंटे, 15 घंटे और 24 घंटे तक बिजली गायब रही।

अधिकांश जगह शुक्रवार की रात अंधेरे में बीती। क्योंकि बिजली थी नहीं! कोटा या बाजार में किरासन मिल नहीं रहा! इस परिस्थिति में हाहाकार मचा रहा। घर-गृहस्थी, दुकानदारी व सरकारी विभागों का कामकाज व दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित रहा। इन्वर्टर बंद गये। लोग अपनी पानी टंकी में पानी नहीं भर सकें। फ्रिज में रखने वाले आइटम में पैकेट वाले दूध, दही, आइसक्रीम, बटर व अन्य सामग्री खराब हो गईं। स्मार्टफोन और एंड्राइड फोन डिस्चार्ज हो गये। दूरसंचार सेवाओं पर बुरा असर पड़ा। इस हालत में लोग कहते रहे; पुराने दिनों की तरह लौट रही बिजली आपूर्ति व्यवस्था।

आरा शहरी क्षेत्र में 5 घंटा व ग्रामीण में 24 घंटा तक बिजली गायब रही। आरा सदर प्रखंड के भकुरा उपकेंद्र से 23 24 घंटा बिजली गायब थी। शहर के नागरी प्रचारिणी के समीप 11000 केवी तार गिरने से करीब 2 घंटे बिजली आपूर्ति टाउन थाना वहबाबू बाजार के इलाकों में बंद थी। गोढ़ना रोड क्षेत्र में शुक्रवार रात 2 बजे से शनिवार सुबह 7.30 बजे तक बिजली गायब रहने की बात बताई गई।

सबसे बुरा हाल बड़हरा प्रखंड में रहा। शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे से शनिवार की दोपहर 2 बजे तक बड़हरा विद्युत उपकेंद्र से सभी सरकारी कार्यालयों, सेमरिया-पड़रिया बाजार, बबुरा बाजार, मटुकपुर बाजार समेत लगभग 40 गांव में बिजली गायब रही। कृषि फीडर बंद रहे। यहां कोईलवर गीधा विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति होती है। पूछने पर तेज हवाएं व वर्षा के कारण कभी 33 हजार केवी कभी 11 हजार केवी में फॉल्ट बताया गया।

पीरो में शुक्रवार की रात से 10 घंटा तक बिजली नहीं रही। घरों में टंकी से पानी समाप्त हो गया। शनिवार को मोबाइल चार्ज के लिए लोग भटक रहे थे। दोपहर में बिजली आई, लेकिन ट्रिपिंग होती रही। कनीय अभियंता एकांत कुमार आदित्य ने बताया कि आंधी में औरंगाबाद जिला के नवीनगर के समीप 33 हजार केवीए पर पेड़ गिर गया था। कई स्थानों पर तार टूटा था।