आरा : LKG की छात्रा से रेप, बहला-फुसलाकर कमरे में ले जाकर किया गंदा काम, गिरफ्तार...

आरा : आरा के टाउन थाना क्षेत्र में महिला टीचर की 7 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के लिए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है। आरोपी मो. रिजवान बरहबतरा मोहल्ले में किराए के मकान में रहता है। बच्ची की हालत गंभीर है। मेडिकल जांच के लिए पीड़िता को सदर अस्पताल भेजा गया है।
पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी एलकेजी में पढ़ती है। रिजवान पहले उसी के घर में किराए पर रहता था। 6 महीने पहले उसने कमरा छोड़ दिया था। इस दौरान वो कभी नहीं आया। एक फोल्डिंग और टूटी हुई फ्रिज छोड़कर गया था। जिसे गुरुवार को लेने आया था। उस समय मैं बाथरूम गई थी। बेटी कमरे में अकेले थी। बहला-फुसलाकर दूसरे कमरे में ले गया और दरवाजा बंद करके घटना को अंजाम दिया।
कुछ देर बाद बच्ची डरी सहमी मेरे पास आई और बताया कि अंकल ने मेरे साथ गलत काम किया है। खून भी निकल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। इस घर में जो भी रेंटर रहते हैं, किसी ने उसे गलत काम करते नहीं देखा। सभी के कमरे का दरवाजा बंद था।
पकड़े जाने के बाद आरोपी ने कहा कि सामान लाने के लिए उस घर में गया था। बच्ची वहीं खेल रही है। दौड़ते समय जमीन पर प्लास्टिक के टब में फंसकर गिर गई, इसलिए खून निकल रहा था।
पीड़िता के मकान में आरोपी रिजवान दो बेटों और पत्नी के साथ रहता था। गद्दा बनाने का काम करता था। 6 माह पूर्व उसने घर छोड़ दिया था, लेकिन कुछ सामान यहीं रख दिया था। सामान लेने के बहाने गुरुवार को घर पहुंचा। बच्ची को बहला फुसलाकर जिस कमरे में रहता था, वहां ले गया और रेप की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता के परिजनों ने टाउन थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
एफएसएल की टीम जब मौके पर पहुंची तो कमरे में ताला लगा हुआ था। मकान मालिक के सामने कमरे को खुलवाया गया। कमरे के अंदर एक फोल्डिंग और फ्रिज पड़ा था। दोनों पर काफी धूल जमी हुई थी। चारों तरफ मकड़े की झोल (जाल) लगे हुए थे। लेकिन आरोपी पुलिस को जो बताया था वो गलत था।
खून फोल्डिंग के किनारे और जमीन पर गिरा था। न वहां प्लास्टिक के टब थे और न ही कमरे से बाहर कोई खून के धब्बे। पूरे मकान में 40 से 45 लोग रहते हैं। बच्ची के फ्लैट के अगल-बगल भी कमरे है। किसी ने चीखने की आवाज नहीं सुनी। पड़ोसी ने बताया कि गर्मी होने के कारण सभी घर के अंदर थे। दरवाजे लगे हुए थे। जब बच्ची की मां चीखने लगी तभी हमलोगों को पता चला।
वहीं, नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है। कई महत्वपूर्व साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। बच्ची का मेडिकल जांच कराया जा रहा है।