आरा में दारोगा के छोटे भाई की गोली मारकर हत्या...

आरा में दारोगा के छोटे भाई की गोली मारकर हत्या...

आरा : नवादा थाना क्षेत्र के जगदेव नगर मोहल्ले में गुरुवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने युवक के सिर में गोली मारी है। मृतक 23 वर्षीय अमन कुमार नवादा थाना क्षेत्र के तिलक नगर, कतीरा मोहल्ला निवासी राम कुमार सिंह के पुत्र थे। युवक का बड़ा भाई अमित सिंह झारखंड के सिमडेगा जिले में दारोगा के पद पर कार्यरत है। 

घटना की सूचना मिलते ही ASP चंद्र प्रकाश, DIU की स्पेशल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे और एक पिस्टल भी बरामद की है। वहीं ASP चन्द्र प्रकाश आरा सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली।

स्थानीय लोगों ने बताया की बुधवार की देर शाम से दो गुट के लड़के आपस में झगड़ रहे थे। इसके बाद दोनों गुटों ने गली में एक दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दिया। भागने के दौरान अमन के सिर में पीछे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।

मृतक के बड़े भाई संजय सिंह ने बताया कि बुधवार की रात वह अपने घर में सोए हुए थे। तभी उन्हें फोन पर जानकारी मिली कि जगदेवनगर गली नंबर एक में चार-पांच लड़कों ने मिलकर अमन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह आरा सदर अस्पताल पहुंचे।

सदर एएसपी ने बताया कि रात करीब आठ बजे से ही स्वजन युवक की खोजबीन कर रहे थे। देर रात पुलिस को घटना के बारे में सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जगदेवनगर पहुंची। गोली लगे हालत में युवक को सड़क से उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लाया गया। जांच के बाद डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

वहीं भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि नवादा थाना अंतर्गत जगदेव नगर में बुधवार की रात फायरिंग की घटना की जानकारी पुलिस को मिली। सूचना प्राप्त होते ही दस मिनट के अंदर पुलिस जगदेव नगर पहुंचे तो पता चला कि तिलक नगर के रहने वाले एक युवक अमन सिंह को किसी ने गोली मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसपी ने बताया कि अमन को उसके कॉलोनी के रहने वाले अमन चौधरी नामक अपराधी प्रवृत्ति का युवक कई लड़कों को साथ में लेकर जगदेव नगर में कुछ लड़कों से मारपीट के लिए गया हुआ था। वहीं मारपीट और फायरिंग के दौरान अमन कुमार को पीछे से सिर में गोली मार दी। प्रारंभिक जांच में कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लड़कों का नाम पता चला है जो पहले साथ में रहते थे। किसी बात को लेकर हाल ही में आपसी विवाद हुआ था।

वहीं हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने दो स्कॉर्पियो गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान उग्र भीड़ ने एक घर पर भी हमला किया। वारदात के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर रही है। कुछ संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी संलिप्ता के बारे में पता लगाया जा रहा है। हत्या के कारणों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।